गढ़वा के लिए अच्छी खबर: सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट चालू

झारखंड
Spread the love

गढ़वा। गढ़वा में ऑक्सीजन की कमी से अब मरीजों की जान नहीं जाएगी। गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की पहल पर सदर अस्पताल के लिए लाया गया ऑक्सीजन प्लांट गुरुवार को चालू हो गया। साथ ही मंत्री ने पहल कर रांची से 110 नया ऑक्सीजन सिलेंडर गढ़वा के लिए मंगाया है। यह दो दिनों के अंदर गढ़वा पहुंच जाएगा।

झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खां एवं प्रवक्ता धीरज दूबे ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर यह जानकारी दी। झामुमो नेताओं ने कहा कि नया ऑक्सीजन सिलेंडर सिविल सर्जन को सौंप दिया जाएगा। वे स्वविवेक से इसका उपयोग सदर अस्पताल एवं अन्य प्रखंडों के लिए कर सकेंगे। सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

झामुमो नेताओं ने कहा कि मंत्री कोरोना काल के प्रारंभिक दौर से ही जिले की स्थिति पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। गुरुवार से ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। पाइपलाइन के माध्यम से सदर अस्पताल के कोविड सेंटर में लगाए गए 26 बेड तक ऑक्सीजन सप्लाई प्रारंभ हो गया है। अगले दिन 40 और ऑक्सीजन युक्त बेड कोविड सेंटर में तैयार कर लिए जाएगा।

जरूरत के अनुसार बेडों की संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है। वर्तमान में कोविड वार्ड लगे 13 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी ऑक्सीजन प्लांट के प्रारंभ होने से कार्यमुक्त हो गया है। उसका उपयोग जेनरल वार्ड में मरीजों के लिए किया जाएगा। मेदिनीनगर से लाए जाने वाले ऑक्सीजन सिलेंडर की मात्रा भी बढ़ाई जा रही है।