राज्य में छिपी खेल प्रतिभा को तलाशने और तराशने का काम कर रही सरकार : सीएम

खेल झारखंड
Spread the love

  • हेमंत सोरेन ने  11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

सिमडेगा। खेलों के माध्यम से राज्य के चहुंमुखी विकास पर सरकार का विशेष जोर है। इस वजह से इस साल बजट में पर्यटन और खेल पर विशेष फोकस किया गया है। खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं देने के साथ पूरा सहयोग मिलेगा। उक्‍त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 मार्च को जिले के एसएस बालिका उच्च विद्यालय स्थित एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड में 11वीं  हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शिरकत कर रही 22 राज्यों की खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। उनका उत्साह बढ़ाया।

सिमडेगावासियों और हॉकी प्रेमियों के लिए विशेष दिन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमडेगा जैसे जिले में इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होना झारखंड विशेषकर सिमडेगावासियों और हॉकी प्रेमियों के लिए विशेष यादगार भरा दिन है। इससे यहां खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा मिलेगा।

हॉकी की नर्सरी के रूप में विख्यात है यह इलाका

मुख्यमंत्री  ने कहा कि सिमडेगा, खूंटी और गुमला जैसे पिछड़े क्षेत्रों से दर्जनों अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकले हैं। सिर्फ सिमडेगा ने चार दर्जन से ज्यादा  खिलाड़ी देश को दिए हैं। इसी जिले के करंगगुड़ी गांव से तीन खिलाड़ी भारतीय टीम में  शामिल की गई हैं। देश और राज्य का मान सम्मान बढ़ाने वाले इन खिलाड़ियों पर हम सभी को गर्व है। इस इलाके में हॉकी युवाओं के दिल में रची बसी है। जिस तरह खेतों में फसलें उगाई जाती है, उसी तरह यहां हॉकी खिलाड़ी तैयार होते हैं। इसलिए इसे हॉकी की नर्सरी के रूप में पूरी दुनिया जानती है।

खेल पदाधिकारी खिलाड़ियों की हो रही सीधी नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस सिलसिले में सभी जिलों में खेल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति भी सरकार कर रही है। बहुत जल्द 39 खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति का लाभ मिलने जा रहा है।

सभी खिलाड़ियों को पर्यटक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता में  शामिल होने के लिए आए सभी राज्यों की खिलाड़ियों को सिमडेगा उसके आसपास  स्थित पर्यटक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने की ये घोषणाएं

● रांची में हॉकी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है।

● पहले चरण में राज्य के 15 विद्यालयों में एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड का निर्माण किया जाएगा।

● पूरे राज्य में सिद्धो कान्हू  क्लब बनाए जाएंगे। हर क्लब को 25 हजार रुपये मिलेगा।

● सिमडेगा में 18.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। यहां हॉस्टल के अलावा वालीबॉल और बास्केटबॉल का भी कोर्ट होगा।

● सिमडेगा जिले में आधुनिक  एथलेटिक्स ट्रैक बिछाया जाएगा।

अन्य महत्वपूर्ण तथ्य

● झारखंड ऊर्जा संचरण निगम की योजना 132 /33 केवी ग्रिड सब स्टेशन  कुरडेग और 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन कोलेबिरा का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। इन दोनों ग्रिड  सब स्टेशन के निर्माण पर 207.61 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

● मुख्यमंत्री ने विभिन्न सखी मंडलों को 6.28 करोड़ का चेक प्रदान किया।

● प्रस्तावित एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम के प्रारूप का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।

● एस्ट्रो टर्फ हॉकी जिम का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया।

● जिला प्रशासन के 20 इयर्स ऑफ सिमडेगा नामक पुस्तक का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।

 ● ख्याति प्राप्त कलाकार मुकुंद नायक के नेतृत्व में कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

उद्घाटन  समारोह में विधायक भूषण बाड़ा, विधायक एन विक्सल कोनगाड़ी,  खेलकूद सचिव श्रीमती पूजा सिंघल, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगमबम, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, सिमडेगा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक और झारखंड ऊर्जा संचरण विकास निगम के प्रबंध निदेशक केके वर्मा समेत अन्‍य उपस्थित थे।