Jharkhand : बारिश के साथ वज्रपात के संकेत, जानें कहां होगा असर

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। आने वाले दिनों में झारखंड के कई जिलों में हल्की बारिश होगी। कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने दी है।

केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 9 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। राज्‍य के अन्य हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। 10 और 11 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा और आंशिक बादल छाए रहेंगे।

श्री आनंद के मुताबिक 12 मार्च को लातेहार, लोहरदगा में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। उसी दिन लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है।

केंद्र के मुताबिक 13 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिले में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

राज्य में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव संभावना नहीं है। दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।