बंगाल चुनाव : कांग्रेस ने ‘बांग्लार दिशा’ के नाम से जारी किया घोषणापत्र

अन्य राज्य
Spread the love

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के चुनावी समर में भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को टक्कर देने के लिए माकपा-कांग्रेस गठबंधन भी ताल ठोक रहा है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस ने आपना चुनावी घोषणापत्र जारी दिया। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र को “बांग्लार दिशा” यानी बंगाल की दिशा नाम दिया है। सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस के नेता और बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बंगाल कांग्रेस के मुख्यालय विधान भवन में चुनावी घोषणापत्र “बांग्लार दिशा” जारी किया। पार्टी ने अपने चुनावी वादे में बंगाल के लिए कई लोकलुभावन दावे करते हुए सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग समेत आठ क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है।

इस माैके पर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। ममता बनर्जी के शासन में राज्य में कोई विकास नहीं हुआ है। बंगाल हर क्षेत्र में पिछड़ा है, केवल बंगाल में दरिद्रता की बिक्री होती है। उन्होंने बताया कि राज्य में हिंसा मूलभूत तत्व में शामिल हो गया है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में पूर्व मुख्यमंत्री विधान चंद्र रॉय के कामों पर भी फोकस किया है। अधीर ने कहा कि बंगाल को बचाना है तो कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। आपको हाथ आगे बढ़ाना होगा। 2021 में जिस तरह की प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है, वैसी मैंने 2016 में नहीं देखी थी। इस बार कांग्रेस के टिकट के लिए जिस तरह की मांग है, वह अकल्पनीय है। यह देखकर ही समझ आ रहा है कि बंगाल में कांग्रेस का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल में परिवर्तन चाहते हैं, वे कांग्रेस-वामो-आइएसएफ गठबंधन के पक्ष में ही वोट देंगे। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस बंगाल में चिटफंड पीड़ितों को न्याय दिलाएगी और अपराध पर संपूर्ण लगाम लगाने का काम करेगी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता संतोष पाठक भी उपस्थित थे।