हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में शुरू हुआ बर्फबारी का दौर, पारा गिरा

अन्य राज्य मुख्य समाचार
Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज फिर बदल गए हैं। राज्य के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में बुधवार को हिमपात हो रहा है। 

राजधानी शिमला से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में भी हल्का हिमपात हुआ। वहीं शिमला में आसमान बादलों से घिरा हुआ है। यहां मौसम बर्फबारी के अनुकूल बना हुआ है। शिमला में सैलानी बर्फबारी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। गत 26 दिसम्बर 2020 को शिमला शहर में मौसम का पहला हिमपात हुआ था। जबकि जनवरी महीने में यहां बर्फबारी के नज़ारा देखने को नहीं मिला। 

राज्य के तमाम मैदानी भागों में छिटपुट बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और हिमपात होने की संभावना है। 

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 5 फरवरी तक कई स्थानों पर बारिश और हिमपात होने की संभावना है। हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा और सोलन व सिरमौर जिलों के मैदानी हिस्सों में 4 फरवरी को गरज के साथ ओलावृष्टि, अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि मैदानी भागों में 5 फरवरी और पर्वतीय इलाकों में 6 फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। 9 फरवरी तक राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम के तेवर बदलने से समूचा प्रदेश कड़ाके की सर्दी की जद में आ गया है। ताज़ा हिमपात से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 

लाहौल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री, कल्पा में -1.6, कुफरी में 0.5, शिमला में 4.5, सुंदरनगर में 5.2, भुंतर में 4.8, धर्मशाला में 4.6, ऊना में 8.2, नाहन में 8.3, पालमपुर में 6, सोलन में 5.7, मनाली में 5, कांगड़ा में 9.4, मंडी में 4.1, बिलासपुर में 7, हमीरपुर में 7.3, चम्बा में 6.3 और डलहौजी में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।