सड़क सुरक्षा जागरुकता रैली निकाली गई, चालकों के हेलमेट का लॉक लगाया

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और रांची सड़क सुरक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 फरवरी को रांची विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से सड़क सुरक्षा जागरुकता रैली निकाली गयी। इसे रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ मुकुंद चंद्र मेहता ने रवाना किया। रैली शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, कचहरी चौक होते हुए पुनः आरयू के मुख्य गेट पर समाप्त हुई।

रैली के बाद अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, कचहरी चौक पर यातायात जागरुकता कार्यक्रम चलाया गया। एनएसएस के स्वयंसेवकों ने गाड़ी एवं बाइक चालकों को जागरूक किया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालक/चालिका के हेलमेट का लॉक लगाया। उन्हें इसके प्रति जागरूक भी किया। इसके लाभ बताये गये। गाड़ी चालक और आगे बैठी सवारी को भी सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया।

आरयू के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि यातायात जागरुकता कार्यक्रम को यातायात पुलिस का सहयोग रहा। विगत 18 जनवरी से प्रारंभ हुआ वाला सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम 17 फरवरी को समाप्त होगा। 17 फरवरी को सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, साईकल रैली एवं प्रभात फेरी आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिता में सफल स्वयंसेवकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

आज की जागरुकता रैली एवं विभिन्न चौक पर आयोजित कार्यक्रम के आयोजन में एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती, दिवाकर, प्रिंस, दीपा, सुषमा, नेहा, सूरज, फलक, आभास, संदीप, बबिता, अंजली, सुरेंद्र, पवन, दिनकर आदि स्वयंसेवकों का योगदान रहा।