
रांची। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका प्रभाव झारखंड के कई जिलों पर पड़ेगा। विभाग के अलर्ट के मद्देनजर लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने 5 और 6 फरवरी के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दिनों राज्य के कई इलाकों में हल्कीे बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कहीं-कहीं गर्जन और ठनका (वज्रपात) भी गिर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में इसका असर पड़ सकता है। इसी तरह 6 फरवरी को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं वज्रपात संभव है।
विभाग के मुताबिक 5 फरवरी से तीन दिनों के दौरान धीरे-धीरे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट संभव है। बीते 24 घंटों में राज्य के दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं भीषण शीतलहर की स्थिति बनीं। सबसे कम तापमान चाईबासा में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।