Good news : ट्रैकमैनों की पदोन्नति का रास्ता साफ

झारखंड
Spread the love

  • ईसीआरकेयू की पहल पर रेल प्रशासन ने जारी की 885 ट्रैकमैन की सूची

धनबाद। ट्रैकमैनों के लिए खुशखबरी। उनकी प्रोन्‍नति का रास्‍ता साफ हो गया है। पिछले कई सालों से धनबाद मंडल में ट्रैकमैन की पदोन्नति रूकी थी। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन विभिन्न फोरमों पर इसपर विरोध दर्ज करता रहा है। समयबद्ध पदोन्नति की मांग उठाता रहा है। इसे लेकर 3-4 फरवरी को मंडल रेल प्रबंधक के साथ यूनियन प्रतिनिधियों की स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक हुई। इसमें भी अध्यक्ष डीके पांडेय के नेतृत्व में यूनियन ने यह मामला उठाया। ट्रैकमैन की पदोन्नति में हो रहे विलंब पर आक्रोश व्यक्त किया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल ने इस विषय को गंभीरता से लिया। संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी जयप्रकाश सिंह ने इस विषय पर नीति निर्धारण करने के लिए 12 फरवरी को यूनियन प्रतिनिधि और इंजीनियरिंग विभाग के आला अधिकारियों की बैठक की। इसमें गहन विचार करने के बाद निर्धारित मापदंडों और प्रक्रिया के आधार पर 885 ट्रैकमैन को लेवल 2 से लेवल 4 में पदोन्नति के लिए सहमति बनी।

यूनियन ने इसे लागू करने के लिए एक समय सीमा तय करने भी मांग की। मंडल रेल प्रबंधक ने 20 फरवरी तक इस कार्य को अंतिम रूप देते हुए सूची जारी करने का आश्वासन दिया था। कार्मिक विभाग ने 18 फरवरी को सूची जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया के बाद अब यूनियन ने पूरे मंडल में विभिन्न सहायक मंडल अभियंता के अंतर्गत कार्यरत ट्रैकमैन की सभी प्रकार की स्थापना संबंधित जानकारी (सर्विस रिकॉर्ड) मंडल स्तर पर केंद्रीकृत करते हुए कार्मिक विभाग के अधीन करने की मांग रखी है। इससे मंडल के समस्त ट्रैकमैन की वरीयता मंडल स्तर पर रहेगी। उनकी पदोन्नति भी समयानुसार शुरू हो जाएगी।

यूनियन के मीडिया प्रभारी एनके खवास ने बताया कि इस कार्य के लिए यूनियन के सभी केंद्रीय पदाधिकारी और शाखा प्रतिनिधियों डीके पांडेय, मो जियाउद्दीन, ओपी शर्मा, ओम प्रकाश, पीके मिश्रा, टीके साहू, एके दा, एनके खवास, आरके सिंह, विश्वजीत मुखर्जी, सोमेन दत्ता और एके दास ने मंडल रेल प्रबंधक, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों का आभार जताया है।