कृषि कानून के विरोध में 17 मई को रांची में किसानों की महापंचायत

झारखंड
Spread the love

रांची। कृषि कानून के खिलाफ 17 मई को झारखंड की राजधानी रांची में किसानों की महापंचायत होगी। यह निर्णय वामदलों एवं किसान संघर्ष समन्वय समिति की भाकपा कार्यालय में गुरुवार को हुई बैठक में हुआ। माकपा के राज्य सचिव गोपी कांत बक्शीघ ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई।

बैठक के बाद पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने प्रेस से कहा कि मोदी सरकार हठधर्मिता अपनाते हुए किसान आंदोलन को नजरअंदाज कर रही है। इसीलिए ढाई महीने से अधिक समय से लाखों किसान दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे हुए हैं। देश के किसान, नौजवान, मजदूर सभी प्रभावित हो रहे हैं। किसान आंदोलन में एकजुटता जाहिर करने के लिए झारखंड के किसान संगठन भी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए झारखंड में मार्च में गांव-पंचायत से लेकर प्रखंड एवं जिला स्तर तक किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा।

श्री मेहता ने बताया कि अप्रैल में प्रमंडलीय किसान पंचायत और 17 मई को रांची के मोरहाबादी मैदान में किसान महापंचायत रैली होगी। इसमें सभी विपक्षी दलों के नेता सामाजिक और जनवादी विचारक शामिल होंगे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी आमंत्रित किया जाएगा। किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए कई गांव से हजारों की संख्या में पैदल मार्च कर किसान रांची पहुंचेंगे।

माकपा के गोपीकांत बक्शी ने कहा कि महंगाई चरम पर है। इसके कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। महंगाई के खिलाफ 21 फरवरी को नरेंद्र मोदी सरकार का पुतला पूरे राज्य में गांव से लेकर शहर तक फूंका जाएगा। नेताओं ने कहा कि भाजपा महंगाई की जननी है। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार आम जनता पर कहर बरपा रही है। इसीलिए आम जनता को भी जागरूक होकर केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरना चाहिए।

बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, सहायक राज्य सचिव महेंद्र पाठक, पूर्व राज्य सचिव केडी सिंह, रांची जिला सचिव अजय सिंह, माकपा के राज्य सचिव गोपी कांत बक्शी, आदिवासी महासभा के प्रफ्फुल लिंडा, किसान सभा के सुफल महतो, मासस के मिथिलेश सिंह, किसान संग्राम समिति के राजेंद्र मुंडा, अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के संयोजक महेंद्र पाठक, राष्ट्रीय जनता दल किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अवधेश पाल सहित कई लोग मौजूद थे।