कांग्रेस नेत्री सह वार्ड सदस्य के घर लूटपाट, दीवार तोड़कर घुसे अपराधकर्मी

अपराध झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। कांग्रेस नेत्री सह वार्ड सदस्य मीरा सिन्हा के आवास में अज्ञात अपराध कर्मियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पारंपरिक हथियारों से लैस होकर आये अपराधी दीवार तोड़कर घर में घुसे। लूटपाट कर चलते बने। जिले के गोमियां थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वांग उतरी पंचायत के सेंट्रल स्कूल के समीप उनका घर है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की मध्य रात्रि पांच से छह की संख्या में अपराध कर्मी पहुंचे। चहारदीवारी के सहारे बागान में प्रवेश कर आंगन की दीवार में सेंधमारी कर दरवाजे को तोड़ दिया और घर में प्रवेश किया। घातक हथियार के बल पर लगभग पांच हजार रुपये और श्री मती सिन्हा के गले से सोने का लॉकेट एवं बहू के गले से मंगल सूत्र लेकर चलते बने। इस दौरान बीचबचाव में अपराध कर्मियों ने श्रीमती सिन्हा पर रॉड से हमला भी किया, जिससे वह घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की रात गश्ती दल घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी आशीष खाखा अपने सहयोगियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घटना की विस्तृत जानकारी ली। अपराधियों को अविलंब पकड़ने की बात कही।