विवेक चौबे
गढ़वा। वर्षों से अधूरा पड़ा बजरंगबली मंदिर अब चर्चा का विषय बनेगा। इसे लेकर ग्रामीणों ने पहल की है। इसपर 50 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। कमेटी का गठन किया गया है। एक सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होगा।
जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ और पर्यटन स्थल में बीते कई वर्षों से बजरंगबली मंदिर का निर्माण अधूरा पड़ा है। इसके निर्माण को लेकर उक्त मंदिर के प्रांगण में कांडी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह झामुमो युवा नेता सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। इसमें मंदिर निर्माण संचालन समिति का भी गठन किया गया। गठित समिति मंदिर निर्माण के लिए अभियान चलाकर सहयोग राशि संग्रह करेगी।
उपस्थित लोगों की सर्वसम्मति से संरक्षक-सत्येन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, अध्यक्ष- सूर्यदेव पाल, सचिव-मोती पाल, कोषाध्यक्ष-सत्येन्द्र साह और सदस्य-हसन रजवार, राजेश कुमार, राजन कुमार, अशोक प्रसाद, प्रमोद राम, ऊदल राम, प्रदीप प्रजापति, संतोष कुमार, कमला सिंह, अमरेंद्र कुमार, लल्लू मेहता, मनोज ठाकुर को बनाया गया।
झामुमो नेता सत्येन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि बजरंगबली मंदिर का गुंबद 151 फीट ऊंचा होगा, जो चर्चा का भी विषय बनेगा। कई किलोमीटर दूर से ही यह गुंबद दिखेगा। छत की ऊपरी सतह पर कमरे और निचले स्तर पर भी कमरे का निर्माण होगा।
बजरंगबली मंदिर के निर्माण कार्य में 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर ही प्रारंभ हो जाएगा। सतबहिनी झरना तीर्थ में लोग मंदिर और मुर्दा पर राजनीति नही करें। इस स्थल के विकास के बारे में सोंचे।