इस तकनीक की मदद से पुलिस ने महज चार घंटे में ही अपराधियों को पकड़ा

अपराध झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। तकनीकी की मदद से काम आसान हो गया है। अपराधी भी पकड़े जा रहे हैं। ऐसा ही एक वाक्‍या झारखंड के गढ़वा ज‍िले में हुआ। यहां पुलिस ने तकनीकी की मदद से महज चार घंटे में ही अपराधियों को पकड़ ल‍िया। उनके पास से लूटी गई राशि सहित घटना में उपयोग किये गये हथियार भी बरामद किया।

जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाडीह स्थित बालू घाट के कार्यालय में घुसकर अज्ञात तीन अपराधियों ने लूट की घटना का अंजाम दिया था। घाट के मुंशी से अपराधियों ने पिस्टल के बल पर 45 हजार रुपये और फाइल लूट लिया गया था। घटना शनिवार की रात करीब 11 बजे घटी थी। मुंशी द्वारा कांडी थाना में मामला दर्ज कराया गया था।

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोटरे के निर्देश पर घटना का खुलासा करने के लिए एक टीम गठित की गई। इसमें कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार, एसआई- राहुल, मुकेश कुशवाहा सहित अन्य पुलिस के जवान भी शामिल थे। टीम ने चार घंटे में ही सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कांड में लूटे गए बक्सा सहित 3700 रुपये की बरामदगी की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सुदामा सिंह का पुत्र आलोक सिंह, स्वर्गीय बैजनाथ सिंह का पुत्र अक्षय कुमार सिंह और स्वर्गीय युगल किशोर सिंह का पुत्र सूर्य विजय सिंह उर्फ कुंदन सिंह उर्फ तूफानी हैं। कांड में सभी शामिल उक्त थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडरिया गांव के निवासी हैं।

कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि 7.65 एमएम सिल्वर रंग का एक असली व ग्रे रंग का एक नकली पिस्टल सहित कुल 3700 रुपये, तीन मोबाइल और लूटा गया कैश बॉक्स बरामद किया गया है।