रांची। देश के कई राज्यों में 7 जनवरी से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई राज्यों में घना को कहरा छाया रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है।
दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कल से पूरे नॉर्थ ईस्ट इंडिया में कोहरा छाया रहेगा। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में कल से घना कोहरा छाया रहेगा। ये स्थिति अगले तीन दिन तक रहेगी।
श्री श्रीवास्तव के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक दिल्ली का मौसम साफ रहेगा। 8 जनवरी की रात या 9 जनवरी की सुबह को हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में कल से तापमान में गिरावट आ जाएगी। 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।
रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। रांची और आसपास के इलाकों में 9 जनवरी तक आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे।