शहीद स्थल को राजकीय पर्यटक स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित : उरांव

Uncategorized
Spread the love

रांची। वित्त मंत्री डॉ रामेशवर उरांव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार शहीदों को सम्मान देने का काम कर रही है। सरकार ने शहीद शेख भिखारी के नाम पर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया। आने वाले दिनों में इस शहीद स्थल को पर्याटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी बजट में मसौदा तैयार होगा। डॉ उरांव अमर शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह की शहादत दिवस पर चुटूपालु घाटी में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उनके साथ-साथ प्रदेश के नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कि‍ये। जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटे। झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मोमिन कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता अमानत अली अंसारी ने कहा कि हर साल शहीदों का यहां मेला लगाया जाता है। सरकार के लोग भी शामिल होते हैं। वादा करते हैं और भूल जाते हैं। कार्यकारी अध्यक्ष ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी की वजह से आज हम अमन चैन और शांति की जिंदगी गुजार रहे हैं।

खिजरी विधायक राजेश कश्यप ने कहा कि हमारी सरकार स्वतंत्र सेनानियों को सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष करेगी, जो अब तक नहीं किया गया। इनके गांव की जो भी समस्या है, उनका समाधान भी जल्द किया जाएगा। पूर्व संसद रामटहल चौधरी ने कहा कि शहीद किसी जात समुदाय के नहीं होते हैं, बल्कि वे देश के धरोहर हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झारखंड मोमिन कांफ्रेंस के अध्यक्ष आबिद अंसारी ने कहा कि जब तक हम इन महान सपूतों को याद करते रहेंगे, तब तक हमारी राष्ट्रीय भावना बनी रहेगी।

झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष अनवर अंसारी ने सरकार इन शहीदों को पाठ्यपुस्तक में स्थान देने की मांग की। पूर्व विधायक आनंदउ महतो, मासस नेता मिथलेश सिंह, फिरोज अहमद, एहसान अंसारी, तमन्ना बेगम, करीम अंसारी, मजहर हुसैन, जावेद अहमद, काजिम अंसारी, हसीब अंसारी, शमीम अख्तर आजाद, मुख्तार अंसारी, अब्दुल गफ्फार, तौहीद अंसारी, जफर इमाम अंसारी, मौलाना अनवारुल हक, अख्तर हुसैन अंसारी, आजाद अंसारी, आबिद अंसारी, रिजवान अंसारी आदि ने भी अपने विचार रखें। मंच संचालन झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के महासचिव डॉ जमाल अहमद और धन्यवाद प्रदेश प्रवक्ता नसीम अहमद ने किया।