जिले में जल्द बनेंगे चार कोल्ड स्टोरेज

कृषि झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। जिले में जल्द चार कोल्ड स्टोरेज का निर्माण किया जायेगा। निविदा की प्रक्रिया पूर्ण होते ही कोल्ड स्टोरेज का निर्माण प्रारंभ हो जायेगा। किसानों तक सभी जानकारियां संबंधित विभाग दें, ताकि किसान ससमय योजनाओं का लाभ उठा सकें। उक्‍त बातें उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कही। वे 5 जनवरी को सदर प्रखंड अंतर्गत अंचल सभागार में आयोजित रबी कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

डोभा, कुआं का लाभ उठाये किसान

उपायुक्त ने कहा कि इजराजल जैसे देशों से टपक सिंचाई जैसी पद्धति हमारे देश तक पहुंची। इस पद्धति से बूंद-बूंद पानी का इस्तेमाल सिंचाई के लिए किया जाता है। पंजाब और हरियाणा राज्य के किसानों ने उन्न्त कृषि कर एक उंचे व टीले जैसे स्थान को अपनी मेहनत की बदौलत एक उपजाउ भूमि में तब्दील कर दिया। हमारे जिले के किसान काफी मेहनती हैं, लेकिन यहां अपने मेहनत को सही दिशा देने की आवश्यकता है। इस जिले में चना, सरसों, गेहूं की अच्छी पैदावार होने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। अगर यहां के किसान रबी की इन फसलों की खेती करें तो उन्हें अच्छा मुनाफा होगा। किसान मनरेगा के अंतर्गत डोभा, कुआं आदि का लाभ उठायें। उसका उपयोग खेती के लिए करें।

सिर्फ धान की खेती नहीं करें

जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी ने कहा कि यहां अधिकतर किसान सिर्फ धान की ही खेती करते हैं। किसानों को धान के इतर भी अन्य खेती करनी चाहिए, ताकि वे संपन्न हो सकें। सरकार केसीसी के तहत ऋण भी प्रदान कर रही है। किसान अपनी आय दोगुनी-चैगुनी करें। हमारे जिले के किसान अब तक सिर्फ धान की खेती करते हैं। आवश्यकता है कि रबी की खेती को भी बढ़ावा दिया जाय। फूलों की खेती व मत्स्य पालन भी किया जा सकता है। किसानों को एटीएम/बीटीएम भी योजनाओं की जानकारी दें।

किसानों को मिले लाभ

कार्यक्रम में नीलाम पत्र पदाधिकारी बिरसाय उरांव ने कहा कि जिले के संबंधित पदाधिकारी व कर्मी किसानों के लिए आदर्श बनें। खेती कार्य करने की प्रबल इच्छा रखनेवाले किसानों का चयन किसानों से संबंधित लाभकारी योजनाओं के लिए होना चाहिए। किसान प्राकृतिक सिंचाई के साधनों का भी इस्तेमाल करें। हमें हर पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करना होगा।

टपक सिंचाई की सुविधा

जिला कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम ने कहा कि अब तक जिले में 62 प्रतिशत आच्छादन रबी फसल में हुआ है। वहीं इस वर्ष लोहरदगा जिले में 90 प्रतिशत अच्छादन खरीफ फसल में हुआ है। किसानों को अनुदानित दर पर टपक सिंचाई की सुविधा दी जा रही है। अनुदान पर ही सरसों का बीज भी दिया गया है। किसान खेती कर अपनी आय बढ़ायें और सरकारी योजनाओं का भी लाभ उठायें।

कार्यक्रम में ये भी मौजूद

कार्यक्रम में जिला मत्स्य पदाधिकारी कमरूज्जमां, जिला उद्यान पदाधिकारी एमलने पूर्ति, परियोजना उपनिदेशक तृप्ति तिर्की, कृषि विज्ञान केंद्र किस्को की वैज्ञानिक एलिशा खाखा, प्रगतिशील किसान संघ के नवल किशोर नाथ शाहदेव समेत बड़ी संख्या में किसान व अन्य उपस्थित थे।