गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड के 230 केंद्रों पर रविवार को 0 से 5 साल के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार कर्मकार ने पोलियो बूथों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश कर्मियों को दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ के प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ राजेश कुमार दूबे ने पोबी, मिर्जागंज, जमुआ, टिकामगहा सहित अन्य पोलियो केंद्रों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि 5 ट्रांजिट टीम, 18 सब डिपू बनाये गये हैं।
प्रखंड में घरों की संख्या 34214 में से 0 से 5 आयुवर्ग के 52417 बच्चों को 470 आंगनबाड़ी, पोषण सखी, सहिया पोलियो कर्मियों द्वारा प्रतिरक्षित किया जा रहा है। 44 पर्यवेक्षको द्वारा केंद्रों का अनुश्रवण और पोलियो कर्मियों का मार्गदर्शन किया जा रहा है। पहले दिन 31 जनवरी को 85 प्रतिशत बच्चों को केंद्र पर पोलियो की खुराक दी गई। 1 और 2 फरवरी को घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। एक भी बच्चा नहीं छूटेगा।
सीएचसी जमुआ मैनेजमेंट कमेटी सदस्य योगेश कुमार पाण्डेय ने पोबी में पोलियो की खुराक पिलाकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दवा पिलाने का क्रम टूटे नहीं, एक भी बच्चा छूटे नहीं। इसपर काम करने से ही पोलियोमुक्त भारत होगा। यह सामुदायिक सहभागिता से ही संभव है।
पोषण सखी अंजली देवी, सहिया संगीता यादव, आंगनबाड़ी सेविका सरिता कुमारी द्वारा बच्चों को दवा पिलायी गयी। शीतलहरी, कोहरा के बावजूद अपने बच्चों को केंद्र पर ले जाकर ग्रामीणों ने पोलियो की दवा पिलाई। केंद्रों पर जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवियों द्वारा दवा पिलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। अन्य अधिकारियों द्वारा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।