महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर बनेगी 150 किमी मानव श्रृंखला, माले विधायकों ने संभाला मोर्चा

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। पूर्व विधायक महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर कृषि कानूनों के खिलाफ जन अभियान चलाते हुए जिले में भाकपा माले ने 150 किलोमीट लंबी मानव श्रृंखला बनाने का निर्णय लिया है। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के विधायकों ने मोर्चा संभाला है। इसमें बगोदर विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव और बिहार से निर्वाचित माले विधायक शामिल हैं। बिहार के विधायकों में अरूण सिंह, वीरेंद गुप्ता, गोपाल रविदास, मनोज मंजिल, सुदामा प्रसाद, रामबली प्रसाद, महानंद शरीक शामिल हैं। निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

स्थानीय परिषदन भवन में प्रेस से बात करते हुए बगोदर विधायक विनोद सिंह और घोसी (बिहार) के विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि कोरोना काल ने यह साबित किया कि देश का सरकारी सिस्टम और कृषि ही आम जनता को संकट से उबारने का मजबूत साधन है। हालांकि मोदी सरकार यह सब कुछ पूंजीपतियों के हवाले कर देना चाहती है।

कोरोना के सबसे गंभीर दौर में मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की नियत से कृषि कानून को पास कर दिया। कोरोना ढलान पर और कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन उफान पर है। ऐसे में केंद्र सरकार कोरोना का बहाना बनाकर संसद सत्र स्थगित कर रही है। सरकार किसान कानूनों के मुद्दे पर बहस से भाग रही है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह शहादत दिवस को किसान आंदोलन से जोड़कर मनाने का निर्णय लिया गया है। उस दि‍न करीब 150 किलोमीटर तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।

विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि महेंद्र सिंह की शहादत दिवस हमेशा से ऐतिहासिक रही है। वे अविभाजित बिहार के सर्वमान्य नेता थे। खेत-खलिहानों में उनके संघर्ष की यादें आज भी ताजा हैं। बिहार में इसी सवाल पर 30 जनवरी को महात्मा गांधी की शहीद दिवस पर मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।  मौके पर पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य सह एआईसीसीटीयू के राष्ट्रीय पार्षद राजेश कुमार यादव, गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा, नौशाद अहमद चांद, प्रीति भास्कर समेत अन्य मौजूद थे।