रांची। श्री परशुराम इंटरनेशनल की झारखंड कमेटी सभी जिलों में ठंड को देखते हुए कंबल, स्वेटर, मोजा, ऊनी वस्त्र का वितरण करेगा। यह काम जिला प्रभारी अपने स्तर से करेंगे। मकर सक्रांति पर एक तिथि तय कर पूरे जिले में चूड़ा, गुड़, तिलकुट का वितरण किया जाएगा। इसके संयोजक ज्ञानदेव झा, अशोक पारीक, आत्माराम द्विवेदी बनाये गये।
यह निर्णय संगठन की रांची के अशोक नगर में हुई कार्यसमिति की बैठक में लिया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने कहा कि संगठन को मजबूत करना समाज की मांग है। समाज के सभी वर्गों को एकजुट और एक मंच पर लाकर लक्ष्य की प्राप्ति हमें करनी होगी। आधुनिक भारत में ब्राह्मणों की स्थिति पर सेमिनार के माध्यम से विचार गोष्ठी करनी होगी।
कमेटी का विस्तार सभी जिलों में तेजी से करने का निर्णय हुआ। कोविड-19 की वस्तुस्थिति को देखते हुए अतिशीघ्र झारखंड में राष्ट्रीय अधिवेशन के माध्यम से पूरे ब्राह्मण समाज को एक मंच पर लाने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय महामंत्री प्रमोद पांडेय ने सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार पर चर्चा की। महामंत्री ज्ञानदेव झा ने कहा कि जूम एप के माध्यम से राष्ट्रीय कमेटी संग सभी जिलों की बैठक जल्द बुलानी चाहिए। इसपर सहमति बनी। समाज के मंत्री, विधायक, सांसद व पार्षद सभी को सम्मानित, अभिनंदन करने का निर्णय हुआ।
मुकेश पांडेय व संजीव चौधरी को संयोजक का प्रभार दिया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता लक्ष्मी चंद दीक्षित ने ब्राह्मण हित में काम कर सक्रिय भूमिका के साथ समाज को हर क्षेत्र में मदद करने का अनुरोध किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, राष्ट्रीय महामंत्री प्रमोद पांडेय, राष्ट्रीय प्रवक्ता लक्ष्मीचंद दीक्षित, उपाध्यक्ष मुकेश पांडेय, महामंत्री ज्ञानदेव झा, अशोक पारीक, सचिव संजीव चौधरी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, आत्माराम द्विवेदी, तेजस्वी पांडेय सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ज्ञानदेव झा और धन्यवाद सचिव संजीव चौधरी ने किया।