योगेश कुमार पांडेय
गिरिडीह। झामुमो सरकार में नवडीहा प्रखंड निर्माण का सपना साकार होगा। पार्टी इसे लेकर गंभीर है। 10 जनवरी के वनभोज कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदधारी और प्रतिनिधियों से विशेष मंथन कर रणनीति तय की जायेगी। उक्त बातें रविवार को झामुमो नेत्री और जमुआ की पूर्व प्रमुख सोनी चौरसिया ने जमुआ में कही। उन्होंने कहा कि आशा है कि हेमंत सरकार में नवडीहा प्रखंड का सपना साकार होगा। नवडीहा की जनता को जल्द ही यह तोहफा मिलेगा।
जमुआ के पार्टी कार्यकर्ता ने झामुमो आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र का दौरा किया। लोगों को झामुमो से जुड़ने और साथ मिलकर चलने का अनुरोध किया। दौरे के क्रम में टीम सामूहिक रूप से लोगों से मिली। उन्हें 10 जनवरी को आयोजित वनभोज कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया।
टीम में झामुमो नेत्री सोनी चौरसिया, नवडीहा मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश महतो, धोथो मुखिया मो सलीम अंसारी, खरगडीहा मुखिया चीना खान, लताकी पंसस सुनील चौधरी, पंकज कुशवाहा, अर्जुन राय, मोहनदास महतो, मो जाहिद, मुस्लिम अंसारी, हलीम अंसारी, प्रवीण कुमार राणा, सुमन अग्रवाल, गुलाम मियां शामिल थे। उन्होंने प्रखंड के मिर्जागंज व पूर्वी भाग नवडीहा, चिलगा, महदाडीह, मलुआटांड, कुरहोबिंदो, गम्हारडीह इत्यादि गांवों का दौरा कर विभिन्न संगठन के लोग, राजनीतिक कार्यकर्ता और आमजनों से मिले। उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा की नीति सिद्धांत और क्रियाकलापों की जानकारी दी।
नवडीहा मुखिया ओमप्रकाश महतो ने कहा कि यहां जैसा सम्मान और कहीं नहीं है। झामुमो से जुड़कर खुश हूं। यहां लोगों के लिए कार्य करने के बहुत मौके हैं। झामुमो के बैनर तले नवडीहा प्रखंड बनाओ आंदोलन लड़ा जायेगा। नवडीहा प्रखंड का सपना झामुमो सरकार में ही साकार होगा। लताकी पंसस सुनील चौधरी ने कहा कि झारखंड के लिए झामुमो से अच्छा विकल्प और कुछ नहीं है। लोगों को माटी की पार्टी के साथ आना चाहिए। अपनी माटी की पार्टी के लिए कार्य करना बहुत अच्छा लगता है।