रांची। पिछले कुछ दिनों से झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही थी। इससे तापमान में अचानक गिरावट आई थी। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी। आने वाले दिनों में मौसम करवट लेगा। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 24 मई को दी है।
तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि
आने वाले छह दिनों में बारिश का दायरा सिमट जाएगा। कुछ जिलों में ही हल्की वर्षा होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगी। इसके बाद तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
इन जिलों में हल्की बारिश
25 से 28 मई को राज्य के गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज सहित आसपास के जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
29 और 30 मई को राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
यहां आंधी और वज्रपात
25 और 26 मई को राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। इसका असर गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और उससे सटे जिलों में पड़ने की आशंका है।