बिहार विधानसभा में विधायक का ‘हिंदुस्तान’ पर आपत्ति, हुआ हंगामा

देश बिहार
Spread the love

विक्रम गोयल

पटना। बिहार विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हुआ। सत्र शुरू होते ही सदन में हंगामा हो गया। हुआ यूं कि नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही थी। इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल इमान ने ‘हिन्दुस्तान’ शब्द पर आपत्ति जता दी। इसकी वजह से हो हल्ला मच गया।

सदन में एआईएमआईएम विधायक ने शपथ ग्रहण के दौरान हिंदुस्तान शब्द पर आपत्ति जताई। उन्हें उर्दू में शपथ लेनी थी। इस दौरान उन्होंने भारत की जगह हिंदुस्तान शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। प्रोटेम स्पीकर से भारत शब्द का इस्तेमाल करने की मांग की। बाद में विधायक ने कहा कि वे आपत्ति नहीं जता रहे हैं। सलाह दे रहे हैं।

विधायक की बात सुन शपथ दिला रहे प्रोटेम स्पीकर जीतन राम मांझी भी हैरान हो गये। उन्होंंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। हिंदुस्तान शब्द का इस्तेमाल बहुत पहले से होता आ रहा है। हालांकि विधायक पर कोई इसका असर नहीं पड़ा। वह अपने बात पर अड़े रहे।

इस मामले को लेकर सदन में हंगामा होने लगा। इसपर सत्ता पक्ष के लोगों ने विधायक को निशाना बनाया. जेडीयू नेता मदन सहनी ने कहा कि विधायक को हिन्दुस्तान बोलना चाहिए था। हिदुस्तान बोलने में कोई दिक्कत नहीं है। वह भारत बोलने पर अड़े हुए थे, जबकि उनके भाषण में भारत की जगह हिंदुस्तान लिखा था।

बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिन्हें हिंदुस्तान बोलने पर दिक्कत है, वे पाकिस्तान जाए। ऐसे लोगों को भारत में रहने का कोई हक नहीं। ऐसे लोगों को सदन छोड़कर पाकिस्तान चले जाना चाहिए। ऐसे लोग देश को तोड़ने वाले हैं।