रांची। झारखंड के कई जिलों में आज और कल बारिश होने की संभावना है। इससे राज्य के उत्तरी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भागों में स्थित जिले प्रभावित हो सकते हैं। रांची के एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने गुरुवार को जारी बुलेटिन में इसकी जानकारी दी है। रांची के कई इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। हवा के रूख के कारण इसमें बदलाव भी हो सकता है। आने वाले दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के संकेत हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 नवंबर को मध्य और उत्तरी जिलों में एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह में पड़ सकता है। इन जिलों में एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है।
इसी तरह 20 नवंबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा में एक-दो स्थानों पर कहीं-कहीं हल्कीु बारिश हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले एक से दो दिनों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं हल्कील से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 38.2 मिलीमीटर लोहरदगा में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सबसे कम तापमान बोकारो में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।