दीक्षांत समारोह में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के 11 विद्यार्थियों को मिला स्वर्ण पदक

झारखंड
Spread the love

  • सभी पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक ओजीपीए 8.953 के लिए दरखशां तईयब को चांसलर गोल्ड मेडल

रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि देश की समृद्धि किसानों की प्रगति से सीधे जुड़ी हुई है। इसलिए कृषि विश्वविद्यालयों से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग किसानों व कृषि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं के समाधान में करना चाहिए। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनना चाहिए।

राज्यपाल 8 अक्टूबर, 2026 को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनुसंधान के सकारात्मक परिणाम केवल प्रयोगशालाओं और अनुसंधान फार्म तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उनका प्रभाव किसानों के खेतों में भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लगभग सभी विश्वविद्यालयों के अपने दौरों के दौरान यह उत्साहजनक प्रवृत्ति देखने को मिली है कि छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज और देश की प्रगति में छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

श्री गंगवार ने युवा डिग्रीधारकों से किसानों तक तकनीक पहुंचाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि किसान वर्ष में 2-3 फसलें ले सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को कृषि पेशा की ओर आकर्षित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

अतिथियों का स्वागत करते हुए बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने कहा कि कृषि केवल एक व्यवसाय नहीं है, बल्कि यह खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण आजीविका और राष्ट्रीय विकास की आधारशिला है।

उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का मूल्यांकन केवल प्राप्त पद, अर्जित वेतन या मिली प्रतिष्ठा से नहीं करें, बल्कि इस आधार पर करें कि उन्होंने कितने लोगों के जीवन में सुधार किया, कितने लोगों की सहायता की, कितना ज्ञान साझा किया और किन मूल्यों को अपनाया।

कुलपति ने बताया कि बीएयू के वैज्ञानिकों ने पिछले वर्ष 1.11 लाख से अधिक किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाई। 10 उन्नत फसल किस्में विकसित कर जारी की।

कुलसचिव डॉ शैलेश चट्टोपाध्याय ने कार्यक्रम का संचालन किया। धन्यवाद ज्ञापन किया।

एमएससी (एग्रोनॉमी) सत्र 2022-23 की छात्रा दरखशां तईयब को सभी पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक ओजीपीए 8.953 प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में अर्जुन कुमार अग्रवाल (पीएचडी, जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग), उदीशा भानु (एमएससी, वानिकी), प्रिंसी (एमबीए, एग्रीबिजनेस) और दरखशां तईयब (एमएससी, एग्रोनॉमी) शामिल हैं।

स्नातक कार्यक्रमों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशाल कुमार (बीएससी, कृषि), आयुष कुमार सिंह (बीटेक, कृषि अभियांत्रिकी), अर्पित राज (बीएससी, उद्यानिकी), निहाल प्रत्यूष (बीवीएससी एवं एएच), अनन्या (बीएससी, मात्स्यिकी विज्ञान) और मधु प्रिया (बीएससी, वानिकी) शामिल हैं।

कुल मिलाकर 335 स्नातक विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गई। इनमें कृषि संकाय के 231, वानिकी संकाय के 24 और पशु चिकित्सा एवं पशुपालन संकाय के 80 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 48 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 4 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गयी।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *