- गुमला में दो महिलाओं के रिश्ते को लेकर पारिवारिक विवाद
- मामला महिला थाना पहुंचा, दोनों ने साथ रहने की जताई इच्छा
आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा भी जताई। इसी बीच दोनों महिलाओं की शादी अलग-अलग युवकों से हो गई। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। अब यह मामला झारखंड के गुमला और लोहरदगा में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला उत्तर प्रदेश के जालौन की रहने वाली एक महिला और झारखंड के गुमला के शांति नगर की निवासी दूसरी महिला से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, दोनों की पहचान जनवरी, 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा। दोनों के बीच भावनात्मक नजदीकियां बढ़ती गईं।
शादी के बाद भी संपर्क
मिली जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी महिला की शादी जून, 2025 में एक युवक से हुई थी। उत्तर प्रदेश निवासी महिला का विवाह नवंबर, 2025 में हुआ। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
बताया जाता है कि 22 अक्टूबर, 2026 को उत्तर प्रदेश निवासी महिला अपनी प्रेमिका से मिलने गुमला पहुंचीं। इस मुलाकात की जानकारी सामने आने के बाद पारिवारिक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद दोनों महिलाओं को ससुराल पक्ष के लोग महिला थाना ले गए।
साथ रहने की इच्छा
महिला थाना में दोनों महिलाओं और परिवार के सदस्यों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी महिला ने अपने पति के साथ रहने से इनकार करते हुए दूसरी महिला के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई। वहीं, उत्तर प्रदेश निवासी महिला ने भी साथ रहने की बात कही।
बताया गया कि गुमला निवासी महिला के मायके पक्ष के लोगों की अनुपस्थिति के कारण आगे की पारिवारिक बातचीत के लिए दोनों को लोहरदगा स्थित उसके मायके भेजने की बात सामने आई। वहीं, दूसरी महिला को उत्तर प्रदेश स्थित उसके घर भेजने की भी बात कही गई।
जांच की प्रक्रिया चल रही
लोहरदगा महिला थाना की प्रभारी विनीता हेंब्रम ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। शिकायत के आधार पर जांच की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया ऐसे संबंध फ़िलहाल हमारे समाज में स्वीकारनीय नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी महिला के पति की ओर से महिला थाना में लिखित शिकायत दी गई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला के पति ने उसे अपने साथ रखने से कभी इनकार नहीं किया। फिलहाल पुलिस शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

