शिकागो। अमेरिका के इलिनोइस राज्य से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पालाटिन शहर में पुलिस ने 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर इलिनोइस के ऑरोरा क्षेत्र में स्थित एक हिंदू मंदिर या प्रार्थना स्थल को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश रच रहा था।
आरोपी की पहचान 19 वर्षीय क्जांड्रोस पापोराकिस के रूप में हुई है। वह पालाटिन के एक टाको बेल आउटलेट में कैशियर के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, एक अन्य सतर्क नागरिक द्वारा आरोपी की इस खतरनाक योजना की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पालाटिन और माउंट प्रोस्पेक्ट पुलिस विभागों के संयुक्त प्रयासों से 11 अक्टूबर की शाम को आरोपी को उसके घर से बाहर निकलते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को रोलिंग मीडोज स्थित कुक काउंटी थर्ड म्यूनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उसे हिरासत में भेजने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को तय की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मैनिफेस्टो बरामद किया, जिसका शीर्षक “Why I Fought: A.K.A.: (Aurora shooter’s manifesto)” था। इस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचारधाराओं के साथ-साथ दक्षिण एशियाई, विशेषकर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने वाले बयान शामिल थे।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी 11 अक्टूबर को इस हमले को अंजाम देने की फिराक में था। उसने अपने सहकर्मियों से भी कहा था कि रविवार का दिन “एक खास दिन” होने वाला है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के अनुसार और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि भारी हथियारों से लैस आरोपी कथित तौर पर हिंदू मंदिर तक पहुंच गया था। गोलीबारी शुरू करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर उसकी बंदूक (राइफल) जाम हो गई।
इससे वह वारदात को अंजाम नहीं दे सका। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। फोन पर उसने अपने एक सहकर्मी से कहा था कि उसकी बंदूक जैम हो गई थी और वह बिना देखे वहां से तेजी से निकल आया।
पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में खतरनाक हथियार और सामग्रियां बरामद की हैं। इसमें एक राइफल, कई भरी हुई राइफल मैगजीन और सैकड़ों राउंड अतिरिक्त गोलियां, सामरिक उपकरण, एक टैक्टिकल वेस्ट (बॉडी आर्मर) शामिल है।
पालाटिन पुलिस प्रमुख विलियम नॉर्ड ने इस खतरे की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कानून प्रवर्तन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस इस मामले में एफबीआई (FBI) के साथ मिलकर आगे की जांच कर रही है और संभावित अतिरिक्त आरोपों की समीक्षा जारी है।
संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही, समुदाय से सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना तुरंत देने की अपील करते हुए कहा है कि हर समुदाय को बिना किसी डर के अपने धार्मिक स्थलों पर पूजा करने का अधिकार है।
फिलहाल, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से जुड़ा जनता के लिए कोई तात्कालिक सक्रिय खतरा नहीं है, लेकिन इस हालिया घटना के बाद अमेरिका में हिंदू मंदिरों और भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

