

पटना। बिहार की राजधानी पटना के टॉप बिजनेसमैन रंजीत सिंह खनूजा उर्फ पिंकी खनूजा ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने देर रात फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। घटना पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के साईं अपार्टमेंट की है।
राजधानी में होटल से लेकर अन्य कारोबार में अपनी अलग पहचान बनाने वाले बिजनेसमैन रंजीत सिंह खनूजा का शव पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में श्री साईं अपार्टमेंट में फंदे से लटका मिला। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अब तक की पड़ताल में पुलिस डिप्रेशन के कारण सुसाइड की बात कह रही है।

जानकारी के अनुसार, पटना के टॉप बिजनेसमैन की सूची में शामिल रंजीत सिंह खनूजा का घर गोविंद मित्रा रोड में है। उनका एक फ्लैट पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में भी है। श्री साईं अपार्टमेंट में वह अपने फ्लैट में हर दिन दो-तीन घंटे के लिए जाते थे। बताया जा रहा है वह सुबह अपने घर गोविंद मित्र रोड से निकले थे। दिन में अपने अन्य संस्थानों पर जाने के बाद वह फ्लैट पर गये। 3 घंटे बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तो रंजीत के ड्राइवर मोहित ने इसकी सूचना उनकी पत्नी को दी। उनकी पत्नी ने ड्राइवर को दरवाजा तोड़ने के लिए कहा, ड्राइवर मोहित ने जब खिड़की से कमरे के अंदर देखा, तो धोती के सहारे रंजीत फंदे से लटके हुए थे।
घटना की सूचना के बाद सबसे पहले रंजीत के भाई यश फ्लैट पर पहुंचे। जब खिड़की से देखा, तो भाई को फंदे पर लटका देख आवाक रह गये। थोड़ी देर में रंजीत की पत्नी भी फ्लैट पर पहुंच गईं। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची। पुलिस इसे सुसाइड मान रही है।




