अब ड्रोन करेगा खाने की होम डिलीवरी, इन पांच शहरों में पूरी हुई तैयारी

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। अब आप स्विगी या जोमैटो से खाना ऑर्डर करेंगे तो कुछ देर बाद आपकी खिड़की पर ड्रोन दस्तक दे सकता है। इतना ही नहीं, किसी डिपार्टमेंटल स्टोर से आप कोई सामान ऑर्डर करेंगे तो उसे आपके घर पहुंचाने के लिए ड्रोन आ सकता है। लास्ट माइल डिलीवरी कंपनी जीप इलेक्ट्रिक ने पिछले सप्ताह बताया कि वह ड्रोन लॉजिस्टिक्स सेक्टर में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

अभी तक इलेक्ट्रिक व्हीकल से डिलीवरी कर रही कंपनी ने ड्रोन से सामान पहुंचाने के लिए TSAW ड्रोन्स के साथ हाथ मिलाया है। कंपनी अभी पहले फेज में 200 ड्रोन मार्केट में उतारने जा रही है. ये ड्रोन अभी दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरू, हैदराबाद, मुंबई और पुणे में डिलीवरी करेंगे। पहला ड्रोन मॉडल Maruthi 2.0 है, जो कम दूरी की डिलीवरी (40 किलोमीटर रेंज) के लिए है।

वहीं दूसरे ड्रोन Adarna की डिलीवरी रेंज 110 किलोमीटर तक है। ये दोनों मॉडल 5 किलो तक भार उठा सकते हैं। सभी में स्मार्ट लॉकर लगे होंगे। डिलीवरी मंगाने वाले ग्राहक के पास एक ओटीपी जाएगा, जिसे डालकर स्मार्ट लॉकर को खोला जा सकेगा।