गढ़वा। झारखंड के दुमका के बाद बड़ी और दुखद खबर गढ़वा जिले से आयी है। यहां समुदाय विशेष के लोगों ने एक युवक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।
हालांकि इस हादसे में युवक की जान बच गयी है, लेकिन वह बुरी तरह से झुलस गया है। युवक को नगर उंटारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह युवक नगरउंटारी थाना क्षेत्र के चितविश्राम गांव निवासी दीपक सोनी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घटना में दूसरे पक्ष के कसमुद्दीन अंसारी नामक व्यक्ति का पैर भी आंशिक रूप से जल गया है। दूसरे पक्ष के आरोपी कसमुद्दीन ने भी थाना पहुंच दीपक सोनी पर मारपीट का आरोप लगाया है।