

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के मशहूर राजपथ को अब कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा। गुरुवार यानी कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्तव्य पथ का नामकरण और उद्घाटन करेंगे।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव पारित हो गया। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने के संबंध में सात सितंबर को एक विशेष बैठक बुलाई थी और प्रस्ताव को परिषद के समक्ष रखा गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद मोदी आठ सितंबर की शाम को पूरे क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे, जिसका सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत पुनरुद्धार किया गया है।
इस बाबत जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि आज की बैठक ऐतिहासिक थी। इस स्पेशल मीटिंग में सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव पारित हुआ। राजपथ का नाम पहले किंग्सवे था। हमें गुलामी की हर निशानी को बदलना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरा मार्ग और क्षेत्र कर्तव्यपथ के नाम से जाना जाएगा।’’ ब्रिटिश काल में राजपथ को किंग्सवे कहा जाता था।



