झारखंड के सभी सरकारी और प्राइवेट स्‍कूलों को करना है ये कार्यक्रम

झारखंड शिक्षा
Spread the love

  • सरकारी स्‍कूलों में बच्चों को दिया जाएगा तिरंगा
  • स्‍कूलों में 13 से 15 अगस्‍त हर दिन झंडोत्तोलन

रांची। आजादी का अमृत महोत्‍सव के तहत झारखंड के सभी सरकारी और प्राइवेट स्‍कूल को अगस्‍त में कई गतिविधियां करनी है। राज्‍य के सभी सरकारी स्‍कूलों में बच्चों के बीच तिरंगा का वितरण किया जाएगा। स्‍कूलों में 13 से 15 अगस्‍त तक प्रतिदिन झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों को घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित बच्‍चे और अभिभावकों को प्रोत्‍साहित करना है। इस बाबत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की निदेशक किरण कुमारी पासी ने 5 अगस्‍त को आदेश जारी किया है।

निदेशक ने लिखा है कि पूर्व में 76 सप्ताह के लिए कार्यक्रम एवं गतिविधि कैलेंडर के साथ अगस्त-2022 में दिनवार दी गई गतिविधियों का क्रियान्वयन सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों एवं निजी विद्यालयों में प्रभावी होगा।

राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों (सरकारी सहायता प्राप्त, कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, मॉडल विद्यालय एवं इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय सहित) एवं निजी विद्यालय में 11 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत गाये जाएंगे। देशभक्ति स्लोगन और नारों का प्रयोग करेंगे। बच्चे स्कूल ड्रेस में रहेंगे। उनके हाथ में देशभक्ति पर आधारित थीम वाली तख्तियों को प्रदर्शित करेंगे। प्रभात फेरी के दौरान कोविड-19 संबंधी सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

सभी विद्यालयों में 13 अगस्‍त, 2022 से 15 अगस्‍त, 2022 तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे झंडोतोलन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 5.30 बजे उसे ससम्मान उतार कर रख लिया जाएगा।

सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य अपने-अपने घरों में भी पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएंगे। अपने विद्यालय के बच्चे एवं उनके अभिभावकों को भी अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। सभी सरकारी विद्यालयों में बच्चों के बीच तिरंगा का वितरण किया जाएगा।

कैलेंडर में वर्णित गतिविधियों में विद्यालय के सभी कक्षाओं के छात्र/छात्रा एवं शिक्षक भाग लेंगे।

सभी कार्यक्रम एवं गतिविधियों देशभक्ति के थीम पर आधारित होंगे। गतिविधियों का पालन दिनवार करना अनिवार्य होगा।

सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण (फोटोग्राफ सहित) विद्यालय स्तर पर कर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् राज्य कार्यालय को उपलब्ध कराया जायेगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा