बेटियों की हिफाजत नहीं कर सकते तो इस्तीफा देकर चूड़ी पहन लें हेमंत : मिस्फीका हसन

झारखंड
Spread the love

रांची। भाजपा ने कहा क‍ि राज्‍य के बेटियों की हिफाजत हेमंत सोरेन नहीं कर सकते तो इस्तीफा देकर चूड़ी पहन लें। ओरमांझी की हृदयविदारक घटना ने राज्य सरकार की महिला सुरक्षा के दावे को खोखले साबित की। पार्टी की प्रदेश प्रवक्‍ता मिस्फीका हसन ने कहा क‍ि राज्य में जिस तरह से दुष्कर्म की कई घटनाएं सामने आ रही है, उससे तो महिलाओं के अंदर भय का वातावरण कायम हो गया है। राज्य सरकार की महिला सुरक्षा को लेकर किए गए तमाम दावे एक बार फिर खोखले नजर आ रहे हैं।

सुश्री हसन ने कहा क‍ि महिलाओं के साथ हैवानियत रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच अब रांची के ओरमांझी में एक बहन के साथ हृदयविदारक घटना ने राज्य को शर्मसार किया है। मानवता को कलंकित किया है। यह घटना दिल्ली की निर्भया से भी ज्यादा बिभत्स घटना है, उस बहन की तस्वीर देखने पर रूह कांप जाएगी। जब तक अभिवावक राज्य सरकार के भरोसे रहेंगे, तब तक राज्य में ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। इसलिए अपने परिवार की रक्षा स्वयं करें।

सुश्री हसन ने हत्या पर हेमंत सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है कि इस घटना से साबित होता है कि वास्तव में झारखंड में कानून और व्यवस्था की क्या स्थिति है, यह स्पष्‍ट है। आगे उन्होंने कहा कि जब विधानसभा के चुनाव हुए थे, तब महागठबंधन के दलों के द्वारा महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया था। झामुमो के घोषणापत्र में कहा गया था प्रत्येक तीन लाख की आबादी पर महिला थाना बनेगा, जिनके साथ उत्पीड़न हुआ है। उनके मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रक कोर्ट बनेगा, लेकिन सभी वादे, वादे रह गए हैं।

प्रदेश प्रवक्‍ता ने कहा क‍ि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार का खौफ अपराधियों में नही है। वह हर मोर्चे पर फेल हैं। अगर राज्य की बेटियों की रक्षा नहीं कर सकते तो मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर चूड़ी पहन लें। झामुमो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम और डीजीपी के रेप पर दिए गए विवादित बयान भी दुष्कर्मी के हौसले को बढ़ाने का काम किया है।