रांची। राजधानी रांची में अपराधी बेखौफ हो गये हैं। ताजा मामला रातू थाना क्षेत्र का है। रिंग रोड स्थित दलादली में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे रहे आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी एक रेस्टोरेंट के करीब सड़क के किनारे कार में दुष्कर्म को अंजाम दे रहे थे। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने जब देखा, तो आरोपियों को दबोचा।
रातू थाने की प्रभारी डीएसपी अंकिता राय पेट्रोलिंग करते हुये रिंग रोड पहुंचीं। सड़क के किनारे काला शीशा लगी कार को देखकर शक हुआ। जवानों को जांच के लिए भेजा गया। कार में आपत्तिजनक स्थिति में पांच लड़कों के साथ नाबालिग लड़की देखी गई। पुलिस को देखकर लड़की फफक-फफक कर रोने लगी।
पीड़िता ने डीएसपी को पूरे मामले की जानकारी देते हुये बताया कि धुर्वा स्थित रिंग रोड से आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया है। उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है। मामले की सूचना धुर्वा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस सभी आरोपियों को पकड़कर पहले धुर्वा थाने ले गई। आरोपियों ने गैंगरेप की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके बाद गुरुवार की सुबह सभी आरोपियों को रातू थाना भेज दिया गया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता की मेडिकल जांच करायी। इसके बाद घर भेज दिया गया। आज शुक्रवार को अदालत में आरोपियों का बयान दर्ज कराया जायेगा। सभी आरोपी धुर्वा इलाके में रहते हैं। आरोपियों में दो दूसरे राज्य के हैं, जबकि तीन रांची के हैं। तीनों ही रांची के प्रतिष्ठित स्कूल- कॉलेज के छात्र हैं।