रांची। झारखंड में 23 फरवरी से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में बारिश और वज्रपात होने की आशंका है। इसे लेकर रांची स्थित मौसम केंद्र ने अलर्ट भी जारी किया है। फिलहाल, राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र के मुताबिक 24 फरवरी को राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्की से मध्य दर्जे की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में पड़ने की संभावना है।
25 फरवरी को राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दिन मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है।
26 फरवरी को राज्य के मध्य, दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं वज्रपात की आशंका भी है। इसका असर रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज आदि जिलों में पड़ने की संभावना है।