लोहरदगा के चैनपुर पिकेट में तैनात उत्तर प्रदेश के जवान ने खुद को मारी गोली, रांची भेजा गया शव

झारखंड देश
Spread the love

लोहरदगा। सीआरपीएफ 158 बटालियन के जवान दिलीप कुमार ने लोहरदगा जिलेके पेशरार थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर पिकेट में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि सीआरपीएफ जवान दिलीप कुमार सुबह आठ बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर कमरे में आया। इस दौरान अन्य जवानों से बातचीत भी की। उसके बाद करीब 10 बजे अपने कमरे में ही इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

गोली की अवाज सुनकर अन्य साथी जवान जब वहां पहुंचे, तो देखा कि दिलीप कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पेशरार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया। वहां पोस्टमार्टम के बाद शव को रांची भेज दिया गया।

जवान दिलीप कुमार उत्तर प्रदेश के गंगा नगर का रहने वाला था। घर में उसके पिता छोटे लाल, मां माला देवी, पत्नी प्रीति देवी एवं एक 11 वर्षीय पुत्र है। वह 26 दिनों की छुट्टी खत्म होने के बाद 19 नवंबर को ड्यूटी पर आया था। शव को उसके पैतृक गांव भेजा जाएगा।

सदर अस्पताल में पहुंचे सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने दिलीप कुमार की मौत पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि वह हसमुख एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। खुद को गोली मारकर आत्महत्या क्यों कर ली, यह समझ से परे है। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने साथी जवानों से बातचीत कर कई जवानों से नाश्ता करने की बात पूछा। खुद उसने भी नाश्ता किया और अपने कमरे में चला गया था। उसके बाद उसने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।