गिरिडीह के पंकज प्रियम को मिला गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सम्‍मान

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

जमुआ (गिरि‍डीह)। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त युवा कवि, लेखक और पत्रकार पंकज भूषण पाठक प्रियम को गोल्डनबुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सम्मान मिला है। वह झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के बसखारो के निवासी हैं। पंकज प्रियम को यह सम्मान रामायण पर विश्व के सर्वाधिक लंबे ऑनलाइन कवि सम्मेलन के लिए मिला है। इसमें पूरी दुनिया के ढाई सौ से अधिक रचनाकार, फिल्मी कलाकार और कवियों ने अपनी मौलिक रचना का पाठ किया।

कवि पंकज प्रियम विगत 2 दशक से पत्रकारिता और लेखन कार्य में सक्रिय हैं। ईटीवी, महुआ, साधना, ऑल इंडिया रेडियो सहित कई राष्ट्रीय चैनल और पत्र पत्रिकाओं में योगदान दे चुके हैं। उनकी दो दर्जन पुस्तकें और सैकड़ों रचनाएं देश-दुनिया में प्रकाशित हो चुकी है। वे अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था साहित्योदय की स्थापना कर पूरे विश्व के रचनाकारों को मंच प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही साहित्योदय नामक पत्रिका का भी प्रकाशन करते हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने भी बधाई दी है। उपायुक्त को भी पंकज प्रियम की कविताएं बेहद पसंद है। पंकज प्रियम सेवानिवृत्त शिक्षक भागवत पाठक के पुत्र हैं। बसखारो के इस लाल की उपलब्धि से पूरा गांव हर्षित है।