
रांची। झारखंड में सर्दी बढ़ती जा रही है। राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज जा रही है। रविवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्यिसस के बीच होगा। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने दी है।
मौसम केंद्र के मुताबिक बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान गोड्डा केवीके में 27.7 और न्यूनतम तापमान साहेबगंज में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएयू के मुताबिक झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान रात के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान साफ रहेगा।
मौसम केंद्र के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच होने की संभावना है। अन्य जिलों में न्यूनतम पारा 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
तापमान में आ रही कमी को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्याल रखें। बूढे़ लोग सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्चों को पूरी तरह ढंककर रखें।