मुंबई। कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खौफ बढ़ रहा है। इस बीच एक बड़ी चिंता की बात यह है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान विदेश से महाराष्ट्र पहुंचे करीब 100 यात्री गायब हो गए हैं। इन यात्रियों के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है।
कल्याण डोम्बिवली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के प्रमुख विजय सूर्यवंशी ने कहा कि विदेश से ठाणे जिले में आए 295 विदेशी यात्रियों में से 109 यात्रियों का कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ यात्रियों का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। इसके अलावा कई यात्रियों ने जो पता दिया था उसे पते पर ताला लटका हुआ है।
विजय सूर्यवंशी ने बताया कि खतरे वाले देशों से यात्रा कर आने वाले लोगों को 7 दिन के होम क्वारन्टीन में रहना जरुरी है। 8वें दिन उनका कोविड-19 टेस्ट किया जाता है। अगर यह रिपोर्ट निगेटिव आता है तो भी इन्हें 7 दिनों के होम क्वारन्टाइन में रहना होता है। सोमवार को भारत में ओमिक्रॉन संक्रमित लोगों की संख्या 23 हो गई। महाराष्ट्र के मुंबई में 2 लोगों के संक्रमित मिलने के बाद यह आंकड़ा एक दर्जन के समीप पहुंच चुका है।
बीएमसी की तरफ से जानकारी दी गई है कि 1 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का कोविड-19 टेस्ट किया जा रहा है। इनमें से 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 12 पुरूष और अन्य 4 महिलाएं हैं। 5 दिसंबर तक 4,480 यात्री खतरे वाले देशों से यात्रा कर मुंबई लौटे हैं।
मुंबई से पहले पुणे जिले के पिंपरी चिंचवाड में छह लोग ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मिले। इनमें से तीन नाइजीरियाई नागरिक हैं। महाराष्ट्र के अलावा राजस्थान में 9, कर्नाटक में 2 और गुजरात में 2, दिल्ली में भी एक ओमिक्रॉन से संक्रमित लोग मिले है।