मुंबई। फिल्मी दुनिया में इस वक़्त शादी का माहौल है। राजकुमार राव और पत्रलेखा, कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी की खबरों के बाद अब एक और एक्ट्रेस इस लिस्ट में शामिल होने वाली है। छोटे पर्दे और फिल्मों की मशहूर अदाकारा मौनी रॉय भी जल्द ही शादी रचाने वाली हैं।
टीवी की ‘नागिन’ अब ज़िंदगी के नए मोड़ पर कदम रखने वाली हैं। मौनी रॉय अपने बॉयफ्रेंड सूरज नांबियार के संग सात फेरे लेने जा रही हैं। मौनी 27 जनवरी को सूरज से शादी रचाएंगी। एक्ट्रेस की चचेरी बहन ने एक इंटरव्यू में उनकी शादी की खबरों पर मुहर लगाई है।
उन्होंने बताया कि मौनी की शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ये शादी दुबई या इटली में होगी और फिर रिसेप्शन होम टाउन में होगा। मौनी ने अब तक अपनी शादी को लेकर कुछ नहीं कहा है। मौनी और सूरज लंबे समय से एक दूसरे के साथ रिलेशन में हैं। सूरज नांबियार पेशे से बैंकर हैं, जो दुबई में सेटल हैं। मौनी के फैंस इस शादी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।