झारखंड छात्र संसद में शामिल होंगे राज्‍य के पांच जिले के विद्यार्थी

झारखंड
Spread the love

रांची (झारखंड) झारखंड विधानसभा सचिवालय द्वारा आयोजित होने वाले ‘झारखंड छात्र संसद’ को लेकर 12 अक्‍टूबर को रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में ऑनलाइन मीटिंग हुई। इसमें रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और लोहरदगा के एनएसएस के जिला नोडल पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए।

डॉ राजकुमार शर्मा ने कहा कि छात्र संसद छात्र-छात्राओं को विधायिका के बारे में जानने एवं उनकी बेबाकअंदाज में स्वर को बुलंद करने का सुअवसर है। उन्होंने इसके लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की अपील की। उन्‍होंने छात्र संसद में आरयू की प्रभावी भूमिका के लिए डॉ कमल कुमार बोस एवं डॉ कुमारी उर्वशी को विशेष जिम्मेदारी दी।

ऑनलाइन मीटिंग में रांची जिले से डॉ कमल कुमार बोस, डॉ कुमारी उर्वशी, डॉ सुषमा एक्का, डॉ सुब्रतो सिन्हा, डॉ हेमंत कुमार, डॉ प्रेमा, लोहरदगा से डॉ निर्मला सैमुअल, डॉ अपर्णा मिश्रा, सिमडेगा जिला से डॉ विद्याशंकर, खूंटी से डॉ पुष्पा सुरीन और गुमला से डॉ कंचन कुमारी आदि शामिल हुए।

झारखंड विधानसभा द्वारा झारखंड छात्र संसद का आयोजन 30-31 अक्टूबर, 2021 को किया जा रहा है। इसमें रांची विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रभावी भूमिका बनें, इसके लिए एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार को कुलपति डॉ कामिनी कुमार ने विश्वविद्यालय नोडल पदाधिकारी मनोनीत किया है।

मीटिंग में लिये गये निर्णय

रांची विश्वविद्यालय के प्रत्येक महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय विभागों के छात्र-छात्राओं के बीच छात्र संसद के लिए दिए गए पांच विषयों को लेकर 13 एवं 14 अक्टूबर को महाविद्यालय स्तर पर ऑनलाइन स्क्रीनिंग की जाएगी।

16 अक्टूबर को महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय विभागों से चयनित छात्र-छात्राओं की विश्वविद्यालय स्तर पर स्क्रीनिंग की जाएगी।

18 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के पांचों जिलों में से छात्र संसद के लिए चयनित छात्र-छात्राओं का नाम फाइनल किया जाएगा।

चयनित छात्र-छात्राओं को दिए गए विषयों में से किसी एक विषय पर अपना आलेख न्यूनतम 500 शब्दों में और अधिकतम 700 शब्दों में 20 अक्टूबर तक तैयार कर लेना है।

21 अक्टूबर, 2021 को झारखंड विधानसभा सचिवालय द्वारा दिये गए ईमेल पर भेज देना है।

विश्वविद्यालय से भेजे गए नामों एवं उनके आलेखों की स्क्रीनिंग झारखंड विधानसभा सचिवालय द्वारा की जाएगी। उनके द्वारा चयनित आरयू के छात्र-छात्राओं के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण 27 एवं 28 अक्टूबर को रांची में दिया जाएगा।

छात्र संसद के लिए दिए गए विषय

1. जलवायु परिवर्तन के प्रभाव एवं निदान के उपाय

2. राज्य के खनिज संपदा का उत्खनन एवं पर्यावरण सम्बन्धी चुनौतियां

3. 75 वर्षों के आईने में भारतीय लोकतंत्र

4. झारखंड राज्य की वन सम्पदा एवं संरक्षण के उपाय

5. पर्यावरण  संरक्षण की वर्तमान कानूनी व्यवस्था एवं इसका संवर्धन।