रांची। अखिल भारतीय किसान संघर्ष मोर्चा द्वारा 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसकी पूर्व संध्या पर रांची में सैनिक बाजार से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इसका नेतृत्व संयुक्त रूप से झमुमो के मुश्ताक आलम, कांग्रेस के सुरेश बैठा, भाकपा के अजय सिंह, माले के भुवनेश्वर केवट, राजद के राजेश यादव ने किया। सभी दलों के कार्यकर्ता ने केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं कृषि कानून को रद्द करने की मांग की।
बारिश में भींगते हुए मशाल लेकर पूरे जोश के साथ अल्बर्ट एक्का चौक के समीप पहुंचे। भारत बंद को सफल बनाने की अपील लोगों से की। रांची की जनता से किसानों के समर्थन में दुकानें और प्रतिष्ठनों को बंद रखने का निवेदन भी किया। कांग्रेस, झमुमो, राजद एवं सभी वामदल के लोग इस मशाल जुलूस में शामिल हुए।
मौके पर सीपीआई के केडी सिंह, कांग्रेस के राकेश किरण, झमुमो की महुआ मांझी, हेमलाल महतो, राजद के सूरज सिंह, सीपीएम के प्रकाश विप्लव, लालदेव सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
मजदूर-कर्मचारी समन्वय समिति के बैनर तले मजदूर-कर्मचारियों ने भी सैनिक मार्केट से मशाल जुलूस निकाला। यह मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। जुलूस में सीटू, बेफी, इंश्योरेंस, बीएसएसआर यूनियंस, कोयला और निर्माण कामगारों ने हिस्सा लिया।