पटना। बयान मर्यादित और संतुलित होना चाहिए। बिना सोचे-समझे बयान से बवाल मच जाता है। यहां सीएम हेमंत के बयान से यही हुआ है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से भोजपुरी और मगही को लेकर दिये गये विवादित बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि झारखंड और बिहार एक परिवार की तरह है। झारखंड बिहार से ही निकला हुआ राज्य है। यहां और वहां के लोगों में कोई फर्क नहीं है। आज भी बिहार के कई ऐसे परिवार हैं, जिनके लोग झारखंड में रहते हैं। ऐसे में हम मिल कर एक परिवार की तरह रहते हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि भाषा को लेकर जिस तरह की विवादित बातें कही गईं, उसका राजनीतिक मकसद हो सकता है। वहीं उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में भी पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में बांग्ला भाषा बोली जाती है। इसका मतलब यह नहीं कि हम किसी भाषा को लेकर आपत्तिजनक बात कहें। कुछ लोग राजनीतिक मकसद से ऐसा करते रहते हैं। उनके कहने से कुछ नहीं होता।

