मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की अधिकांश प्रमुख सड़कें अतिक्रमणकारियों की जद में हैं। इससे हर दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। अतिक्रमणकारियों ने लगभग हर जगह पर अवैध कब्जा कर रखा है। यहां तक कि डीएम आवास के सामने वाली सड़क को भी नहीं छोड़ा है। मंगलवार को इन्हीं अतिक्रमणकारियों के खिलाफ निगम ने बुलडोजर चलाया। डीएम आवास, इम्लीचट्टी, कंपनीबाग रोड में बुलडोजर चलाकर करीब एक सौ से अधिक फुटपाथी दुकानें हटायी गयीं।
एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार, निगम के अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। बुलडोजर के पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। फुटपाथी दुकानदार आनन फानन में दुकान हटाने में जुट गए। जिन दुकानदारों ने बांस की लकड़ी से पक्की दुकान बना रखा था या जिन्होंने गुमटी रखा हुआ था। उसपर बुलडोजर चला दिया गया। इससे दुकानदारों का आक्रोश भी भड़क उठा, लेकिन, पुलिस बल की संख्या देखकर सभी शांत रह गये। अधिकारी और जवान जब बुलडोजर लेकर दूसरी तरफ चले गए। तब दुकानदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। कहने लगे कि हमलोग कहां जाएंगे। हमलोगों के लिए कोई व्यवस्था की जाए। दुकान नहीं लगाएंगे, तो भुखमरी की नौबत आ जायेगी।
नगर निगम के सिटी मैनेजर ओमप्रकाश ने बताया कि अभी शहरी क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा। इस बार अतिक्रमण से पूरी तरह शहर को मुक्त किया जाएगा। ज़रूरत पड़ने पर बल प्रयोग करने से भी विभाग पीछे नहीं हटेगा। शहरी क्षेत्र में मुख्य रूप से इन जगहों पर अतिक्रमण की समस्या है, जिसमें कंपनीबाग, कचहरी, जुरण छपरा, मोतीझील, गोला रोड, मिठनपुरा क्लब रोड, अघोरिया बाजार, कलमबाग रोड, और स्टेशन रोड है। इन जगहों पर हर दिन अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या लगती है।

