पंचायत कर लौट रहे पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या, गुस्साये लोगों ने यह सड़क की जाम

अपराध बिहार
Spread the love

समस्तीपुर। बिहार में अपराध के बढ़ते ग्राफ से नीतीश सरकार की भी नींद उड़ गयी है। अपराधी पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला समस्तीपुर का है।

यहां बेखौफ अपराधियों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र की बखरी बुजुर्ग पंचायत के पूर्व मुखिया शशिानाथ झा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है। शुक्रवार की सुबह बखरी बुजुर्ग में पंचायती के लिए पूर्व मुखिया गए हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाये अपराधियों ने उनके सिर में 5 गोलियां दाग दीं, जिसके बाद मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई।

मुखिया की मौत के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोग उनके घर के बाहर एकत्रित हो गए और प्रदर्शन किया। लोगों ने एनएच 28 को टायर जलाकर जाम कर दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।

बता दें कि पूर्व मुखिया शशिनाथ झा गांव में ही एक पंचायती करके घर जाने के लिए अपनी कार की तरफ बढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाये तीन हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। पांच गोली उनके सिर व अन्य भागों में लगी, जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई।