मधुबनी से लगती भारत-नेपाल सीमा पर 11 ड्रोन कैमरे जब्त, एक गिरफ्तार

अपराध बिहार
Spread the love

मधुबनी। मधुबनी प्रखंड क्षेत्र से सटी भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 48वीं वाहिनी गंगौर कैंप के जवानों ने एक चारपहिया वाहन में ले जा रहे 11 ड्रोन कैमरे को जब्त कर लिया। साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया।

वह हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन गांव निवासी विनय कुमार बताया गया। एसएसबी कमांडेंट शंकर सिंह ने बताया कि गंगौर कैंप इंचार्ज असिस्टेंट कमांडेंट यदुवीर सिंह नेगी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में ड्रोन कैमरा जा रहा है। इसके बाद इंचार्ज के नेतृत्व में जवानों ने कैंप के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जहां कैमरे व वाहन के साथ चालक को हिरासत में ले लिया गया।

वाहन चालक ने पूछताछ में कहा कि हरलाखी प्रखंड के दिघिया टोल से कैमरे लेकर साहरघाट जा रहा था। चालक ने इस धंधे में दो और लोगों की संलिप्तता की बात कही। एसएसबी कमांडेंट ने कहा कि मामले में बारीकी से जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई के लिए वाहन और चालक के साथ जब्त कैमरे को हरलाखी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।