
रांची। झारखंड कर्मचारी मजदूर मोर्चा के बैनर तले बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के श्रमिक 13 जुलाई से हड़ताल पर चले गए। मजदूरों को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष मुश्ताक आलम ने कहा कि इस बार आर पार की लड़ाई है। मजदूर काम पर तब वापस लौटेंगे, जब उनकी सभी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा। अन्यथा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम होगा। अगले चरण में सभी विभागों में तालाबंदी की जाएगी। श्रमिक नियमित वेतन भुगतान, एरियर का भुगतान और अनुकंपा पर बहाली की मांग कर रहे हैं।
मोर्चा के पदधारियों ने कहा कि विवि के निदेशक प्रशासन मजदूर विरोधी हैं। वे श्रमिकों की समस्याओं की अनदेखी करते हैं। ऐसे निदेशक प्रशासन को विश्वविद्यालय में रहने का कोई अधिकार नहीं है। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव समनूर मंसूरी, जिला सचिव जुल्फिकार खान, मोर्चा के महामंत्री संजर आलम, जलेश्वर महतो, महेंद्र महतो, सोमरा उरांव, सुधीर महतो महेंद्र झा, सुकरा लिंडा, मालती देवी, वसीमा खातून सहित अन्य मौजूद थे।