
पलामू। जिले के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने रविवार को झारखंड के पलामू के विभिन्न थानों के औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे रेहला, मोहम्मदगंज, हुसैनाबाद, छतरपुर थाना और कामगारपुर पिकेट गये। उन्होंने पुलिस और कर्मचारियों के स्वास्थ्य का हालचाल भी जाना। कोरोना से बचाव के लिए कई अहम टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने के लिए खुद को स्वच्छ रखें। हमेशा मास्क पहने और सेनिटाइजर का प्रयोग करते रहे। कोरोना को लेकर एसपी नसीहत दे रहे थे। उनके सामने ही कई पुलिस कर्मी बिना मास्क लगाये खड़े थे।
विशेष चौकसी बरतने के दिये निर्देश
इस दौरान एसपी ने विभिन्न थानों में दर्ज कांडों की समीक्षा की। जरूरी दिशा-निर्देश संबंधित थाना प्रभारी को दिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को केस डायरी को अद्यतन करने, अपराध नियंत्रण के लिए गश्ती तेज करने, गश्ती के दौरान पूर्ण रूप से चौकन्ना एवं चुस्त रहने की बात कही। न्यायालय से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करने, हत्या और अन्य मामलों में शीघ्र गिरफ्तारी करने के भी निर्देश दिये। इसके अलावा एसपी ने मोहम्मदगंज थाना अंतर्गत अशोक बिल्डकॉन के कार्यालय का अवलोकन कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिये। ज्ञात हो कि यहां बीते दिनों अपराधियों द्वारा फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गयी थी।
थानों में आने वालों लोगों से मित्रवत व्यवहार करें
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में विशेष साफ-सफाई रखने की बात कही। उन्होंने इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को सामूहिक रूप से कार्य करने की बात कही। थानों में आने वालों लोगों से मित्रवत व्यवहार करने की भी बात कही। इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से उनके व्यक्तिगत समस्याओं की भी जानकारी ली।