
गुजरात । सूबे के राजकोट में शुक्रवार की अहले सुबह एक निजी कोविड अस्पताल में भीषण आग लग गई। इससे पांच मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई अन्य मरीज भी झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग का कारण अभी पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक घटना राजकोट के मावड़ी इलाके में स्थित शिवानंद अस्पताल के आईसीयू में हुई। कोविड अस्पताल होने की वजह से यहां के आईसीयू में 11 मरीजों का इलाज चल रहा था। इन्हें मिलाकर अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। कई मरीज आग की ऊंची लपटों में घिरकर झुलस गए। उन्हें घायल अवस्था में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया गया है कि आग की शुरुआत अस्पताल के आईसीयू से हुई थी। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने और अन्य कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।