विकराल हुआ चक्रवाती तूफान, मुंबई में भारी बारिश, एयरपोर्ट बंद

देश मुख्य समाचार मुंबई
Spread the love

मुंबई। चक्रवाती तूफान ‘तैकाते’ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इसकी वजह से मुंबई में 185 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल रही है। कई जगह भारी बारिश हो रही है। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट को तीन घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। तूफान के आज शाम तक उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और गुजरात तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके लिए अलर्ट जारी किये गये हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान फिलहाल मुंबई के समुंद्र तट से गुजर रहा है। इसकी वजह से यहां के कई इलाकों में तेज हवा चलने के साथ बारिश हो रही है। तूफान के मद्देनजर मुंबई एयरपोर्ट को तीन घंटे यानी सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक अगले अपडेट तक आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के मुताबिक तूफान ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 185 किलोमीटर प्रति घंटे रही। शहर के दादर, वर्ली, लोअर परेल, माटुंगा और माहिम सहित मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में वर्ली सी फेस, शिवाजी पार्क, मरीन ड्राइव पर समुद्र तट पर ऊंची लहरें देखी जा सकती हैं। एनडीआरएफ की तीन टीमों को तैनात किया गया है। पांच टीमें अलर्ट पर हैं। लोगों की सुरक्षा को लेकर पांच जगह अस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं।

गोवा के पणजी में तेज हवा चल रही है। भारी बारिश हो रही है। कई पेड़ उखड़ गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम तक तूफान गुजरात के तट से टकराएगा। इससे वहां भारी तबाही मचने की आशंका है। वहां भी 175 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है।तूफान के 18 मई की सुबह तक पोरबंदर और महोवा (भावनगर जिला) के बीच गुजरात तट से गुजरने की संभावना है।

एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने बताया कि चक्रवात तौकते का मुख्य प्रभाव गुजरात में रहेगा। हमने 100 से ज्यादा टीमों को 5-6 राज्यों में लगाया था। इन टीमों का आधा हिस्सा गुजरात में लगाया गया है, क्योंकि चक्रवात तौकते का प्रभाव गुजरात में ज्यादा रहेगा।