वैश्विक आपदा में अफवाह फैलाकर लोगों को भयभीत करना चाहती है कांग्रेस : महादेव दूबे

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। वैश्विक महामारी कोविड-19 से पूरा विश्व तबाह है। कोरोना की दूसरी लहर ने देश को झकझोर कर रख दिया है। इस विषम आपदा के समय मानवहित, राष्ट्रहित में पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर कोरोना को हराना है। देश को बचाना है। इस विकट परिस्थिति में ओछी राजनीति किसी भी दल को नहीं करनी चाहिए। उक्‍त बातें भाजपा के गिरिडीह जिलाध्यक्ष महादेव दूबे ने गुरुवार को कही।

दूबे ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में कांग्रेस के आचरण से आम जनता दुखी है। पार्टी के लोग कई तरह की अफवाह फैला रहे हैं। कोविड-19 की पहली लहर के समय पूरे जब पूरे देश में लॉकडाउन लगाया गया, तब कांग्रेस सहित सारी विपक्षी पार्टि‍यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। इस बार पीएम ने राज्य सरकार को लॉकडाउन लगाने का अधिकार दिया। अब सभी संपूर्ण लॉकडाउन की मांग कर रहे हैं।

दूबे कहा कि पीएम ने 80 करोड़ गरीब परिवार को मुफ्त में अनाज देने का काम किया था। केंद्र द्वारा पुनः मई और जून में गरीबों को अतिरिक्‍त अनाज देने का काम किया जा रहा है। उन्‍होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि इस आपदा के समय गरीबों को सही समय पर अनाज उपलब्‍ध कराया जाए। इसकी कालाबाजारी नहीं हो।

जिलाध्‍यक्ष ने कहा कि कोरोना योद्धाओं के नेतृत्‍व में भारत वर्तमान में कोविड-19 वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। देश में दुनिया में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चला रहा है। पिछले साल जब देश के वैज्ञानिक और डॉक्टर वैक्सीन बनाने में कड़ी मेहनत कर रहे थे, तब कांग्रेस के नेताओं ने मजाक उड़ाने का कोई मौका नहीं छोड़ा। भारत ने वैक्सीन बनाकर गौरव हासिल किया। कांग्रेस के नेताओं ने इसका भी उपहास किया। कई तरह की अफवाह फैलाई, जिससे लोगों को संदेह हुआ। आज कल कांग्रेस ने सारा दोष केंद्र सरकार पर डालने का नया चलन शुरू किया है।

भाजपा ने आम जनता से आह्वान किया है कि वैश्विक महामारी में सभी सरकार की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करते हुए वैक्सीन सेंटर पर पहुंचकर टीका लगवाएं। दूसरों को वैक्सीन लेने के लिये प्रेरित करें। कोरोना की जंग की लड़ाई में दूसरो को जागरूक करें। लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करें। कोरोना से बचने के लिए मास्क, सेनि‍टाइजर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराएं। हम सभी लोग एकजुट होकर एक दूसरे को सहयोग करते हुए कोरोना की लड़ाई लड़े। इस वैश्विक महामारी के समय में राजनीति नहीं करते हुए कोरोना को हराना है। देश को बचाना है।