
हजारीबाग। कोरोना की दूसरी भयावह लहर के बीच जरूरतमंद कोरोना संक्रमित मरीजों की सांस की आस बने हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल एक और नेक पहल करने जा रहे हैं। कोविड मरीजों के लिए लगातार अस्पतालों में बेड, दवाई और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ वे दो लाख मास्क वितरण महाअभियान चलाएंगे।
सदर विधायक के मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी ने लेट्सअप को बताया कि मनीष जायसवाल ने खुद के खर्च पर दो लाख मास्क का ऑर्डर दिया है। इसमें एक लाख मास्क आ गया है। जल्द ही महामास्क वितरण अभियान की शुरुआत लोगों के बीच सुरक्षा कवच के रूप में किया जाएगा।
सदर विधायक मनीष जायसवाल कहते हैं कि महा मास्क वितरण अभियान को हजारीबाग में एक जन- आंदोलन का रूप दिया जाएगा और लोगों को हरसंभव इससे जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हजारीबाग का नेता नहीं, बल्कि घर-घर का बेटा बनकर सदैव अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करता रहूंगा।